Uncategorized
प्रिंसिपल पर रिटायर्ड व्याख्याता को जान से मारने की सुपारी देने का आरोप, पुलिस थाना में शिकायत की गई
प्रिंसिपल पर रिटायर्ड व्याख्याता को जान से मारने की सुपारी देने का आरोप, पुलिस थाना में शिकायत
कोटा। शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला धौराभाठा की प्राचार्य श्रीमती इंदिरा गेंदले के खिलाफ एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। स्कूल के ही एक सेवानिवृत्त (रिटायर्ड) व्याख्याता राजेश कुमार सोनी ने प्राचार्य पर उन्हें जान से मारने की सुपारी देने और झूठे मामले में फंसाने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए कोटा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पीड़ित ने सुरक्षा की गुहार लगाते हुए दंडात्मक कार्रवाई की मांग की है।
विवाद और रंजिश का मामला
शिकायती पत्र के अनुसार, आवेदक राजेश कुमार सोनी धौराभाठा स्कूल में व्याख्याता के पद पर कार्यरत थे। वे 31 अगस्त 2026 को अपनी अर्धवार्षिकी आयु पूरी कर सेवानिवृत्त हुए थे, जिसके बाद नियमानुसार उन्हें 30 अप्रैल 2027 तक उसी स्कूल में प्रतिनियुक्ति (Reappointment) पर रखा गया था। आरोप है कि प्राचार्य इंदिरा गेंदले इस प्रतिनियुक्ति से नाखुश थीं और दोनों के बीच इसे लेकर विवाद व रंजिश चल रही थी।
रिकॉर्डिंग से हुआ खुलासा
शिकायत में बताया गया है कि प्राचार्य ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गोबरीपाट के लिपिक (क्लर्क) नितेश कुमार सोनचे को अपने कार्यालय में बुलाकर व्याख्याता को जान से मारने, हाथ-पैर तुड़वाने और पीटवाने के लिए किसी बाहरी आदमी को सुपारी देने की बात कही।
इस बातचीत के दौरान उन्होंने पुलिस से बचने के तरीकों पर भी चर्चा की। लिपिक नितेश सोनचे ने चालाकी से इस पूरी बातचीत को अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया और इसकी जानकारी पीड़ित व्याख्याता को दी। पीड़ित ने इस बातचीत की ऑडियो रिकॉर्डिंग पेनड्राइव में डालकर पुलिस को सौंप दी है।
डर के मारे स्कूल जाना बंद
पीड़ित शिक्षक ने बताया कि इस खुलासे के बाद से उनका पूरा परिवार अत्यंत डरा हुआ है। डर के कारण उन्होंने 15 सितंबर 2026 से स्कूल जाना भी बंद कर दिया है। पीड़ित का आरोप है कि प्राचार्य महिला और अनुसूचित जाति (SC) होने का अनुचित लाभ उठाकर उन्हें किसी भी झूठे मामले में फंसा सकती हैं। शिकायत पत्र में यह भी उल्लेख है कि प्राचार्य के अड़ियल और गुस्सैल रवैये से स्कूल का पूरा स्टाफ और छात्र-छात्राएं परेशान रहते हैं, जिसकी शिकायत उच्च अधिकारियों से भी की जा चुकी है।
फिलहाल, पीड़ित राजेश कुमार सोनी ने कोटा थाना प्रभारी से मामले की गंभीरता को देखते हुए अपराध दर्ज कर उचित दंडात्मक कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।