दुकान का ताला तोड़कर नगदी चोरी, फिर लगाई आग, पुलिस ने चंद घंटों में आरोपी को किया गिरफ्तार

दुकान का ताला तोड़कर नगदी चोरी, फिर लगाई आग; रतनपुर पुलिस ने चंद घंटों में आरोपी को किया गिरफ्तार
रतनपुर। मेला ग्राउंड स्थित एक दुकान का ताला तोड़कर नगदी रकम चोरी करने और बाद में दुकान में आग लगाने के मामले में रतनपुर पुलिस ने घटना के चंद घंटों के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की रकम में से 1,116 रुपये नगद बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 25 सितंबर 2026 को प्रार्थी दुर्गा कश्यप, निवासी भेंड़ीमुड़ा रतनपुर, ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि मेला ग्राउंड स्थित उसकी दुकान में अज्ञात कारणों से आग लग गई। आग से दुकान में रखा किराना सामान, फ्रिज, कूलर, पंखा, कुर्सी-टेबल सहित डेली नीड्स का सामान पूरी तरह जल गया। प्रार्थी ने करीब 5 लाख रुपये के नुकसान की जानकारी दी।
रिपोर्ट के बाद पुलिस ने आगजनी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। घटनास्थल के आसपास के लोगों से पूछताछ में एक संदिग्ध व्यक्ति के बारे में जानकारी मिली, जिसके बाद थाना प्रभारी रतनपुर ने टीम गठित कर उसकी तलाश शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने संदिग्ध गणेश सूर्यवंशी (19 वर्ष), पिता स्व. भीमराम सूर्यवंशी, निवासी रेस्ट हाउस के पास रतनपुर को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर दुकान में चोरी की नीयत से घुसकर पेटी में रखे 3,800 रुपये चोरी करने और दुकान में रखी माचिस से आग लगाने की बात स्वीकार की। आरोपी ने चोरी की रकम में से 2,684 रुपये खाने-पीने में खर्च करने तथा शेष 1,116 रुपये अपने पास रखने की जानकारी दी।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी पूर्व में भी आपराधिक मामलों में जेल जा चुका है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक प्रतिभा पटेल, आरक्षक पवन ठाकुर एवं धीरज कश्यप का विशेष योगदान रहा।