Uncategorized

कोटा क्षेत्र में घूम-घूमकर चोरी करने वाले आरोपियों पर पुलिस की कार्रवाई,तीन आरोपियों से मोटरसाइकिल, मोबाइल, बिजली तार और नकदी बरामद

कोटा क्षेत्र में घूम-घूमकर चोरी करने वाले आरोपियों पर पुलिस की कार्रवाई,तीन आरोपियों से मोटरसाइकिल, मोबाइल, बिजली तार और नकदी बरामद

कोटा। कोटा थाना पुलिस ने क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों पर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक को बाल संप्रेषण गृह भेजा गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक मोटरसाइकिल, रेडमी मोबाइल, 20 मीटर बिजली केबल तार और 700 रुपये नकद सहित चोरी की संपत्ति बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 15 सितंबर को ग्राम खैरझिटी निवासी प्रार्थी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी किराना दुकान से अज्ञात चोर 13 हजार रुपये नकद तथा करीब 14 हजार रुपये कीमत की सिगरेट, राजश्री और खाई-खजाना चोरी कर ले गया। इसके बाद ग्राम भौवाकापा में बोर से करीब 20 मीटर बिजली तार चोरी होने और ग्राम खरगहना में गणेश पंडाल से रेडमी मोबाइल चोरी होने की शिकायत भी थाने में दर्ज हुई।
मामलों की विवेचना के दौरान 27 सितंबर को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर संदिग्धों को पकड़ा। पूछताछ में आरोपियों ने मोबाइल और बिजली तार चोरी करना स्वीकार किया। पूछताछ के दौरान उन्होंने करीब 15 दिन पहले खैरझिटी की दुकान से नकदी व सामान चोरी करने की बात भी कबूल की।
आरोपियों की पहचान विनय खुसरो (22), निवासी काठाकोनी, थाना सकरी, सुनील यादव (26), निवासी बंधवापारा, थाना सरकंडा तथा एक विधि से संघर्षरत बालक के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में विनय खुसरो और सुनील यादव ने करीब दो माह पूर्व तिफरा स्थित पुलिस क्वार्टर से एक हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल चोरी करना भी स्वीकार किया। आरोपियों के कब्जे से 20 मीटर बिजली तार, एक मोटरसाइकिल, एक रेडमी मोबाइल और 700 रुपये नकद बरामद कर विधिवत जब्ती की गई।
दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की गई, जबकि विधि से संघर्षरत बालक को उसके परिजनों के समक्ष बाल संप्रेषण गृह भेजा गया।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्रीमती मधुलिका सिंह एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कोटा श्रीमती नुपूर उपाध्याय के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक शशिकांत भारद्वाज, सहायक उप निरीक्षक शिव कुमार साहू, आरक्षक दीप सिंह कंवर, जलेश्वर साहू, सुनील पटेल सहित थाना कोटा स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Sanjay Banjare

स्वामी प्रकाशक/प्रधान संपादक छत्तीसगढ़ न्यूज़ लाइव मो.-9826193791

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!