Uncategorized

गणेश विसर्जन की तैयारियों को लेकर कलेक्टर-एसएसपी ने ली बैठक समितियों एवं पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

गणेश विसर्जन की तैयारियों को लेकर कलेक्टर-एसएसपी ने ली बैठक

समितियों एवं पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

बिलासपुर, 22 सितंबर 2026/कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल एवं एसएसपी श्री रजनेश सिंह ने आज गणेश उत्सव समितियों के पदाधिकारियों तथा पुलिस एवं प्रशासन के आला अधिकारियों की बैठक लेकर गणेश विसर्जन की तैयारियों की समीक्षा की। जिले में गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन 24 एवं 25 सितंबर को किया जाएगा। समिति के सदस्यों ने बताया कि प्रतिमाओं का विसर्जन छठघाट एवं पचरीघाट में किया जाएगा। कलेक्टर एवं एसएसपी ने विसर्जन को शांतिपूर्ण, व्यवस्थित एवं सौहार्दपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

अधिकारियों ने कहा कि गणेश विसर्जन के दौरान डीजे का उपयोग सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुरूप ही किया जाए। निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन की नजर रहेगी। समितियों से विसर्जन के दौरान प्रशासन द्वारा निर्धारित व्यवस्थाओं में सहयोग करने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की गई। बैठक में स्पष्ट किया गया कि विसर्जन में शामिल होने वाला कोई भी व्यक्ति नशापान कर शामिल न हो। सभी श्रद्धालु धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए शांतिपूर्ण ढंग से आयोजन में शामिल हों। ऐसा कोई कार्य या व्यवहार न किया जाए, जिससे किसी की धार्मिक अथवा सामाजिक भावना आहत हो।

*23 सितंबर को छठघाट में स्वच्छता अभियान में श्रमदान की अपील -*
बैठक में सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित होने वाली सेवा गतिविधियों की जानकारी भी दी गई। गणेश उत्सव समितियों के पदाधिकारियों से 23 सितंबर की सुबह छठघाट पर आयोजित स्वच्छता अभियान में शामिल होकर श्रमदान करने का आग्रह किया गया। अधिकारियों ने कहा कि स्वच्छता अभियान में जनभागीदारी से सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत किया जा सकता है।

बैठक में विसर्जन स्थलों पर आवश्यक व्यवस्थाओं, यातायात, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था सहित अन्य तैयारियों पर भी चर्चा की गई। समितियों से प्रशासन एवं पुलिस द्वारा निर्धारित व्यवस्थाओं का पालन करते हुए सहयोग करने की अपील की गई।

बैठक में नगर निगम कमिश्नर श्री प्रकाश कुमार सर्वे, एडीएम श्री शिवकुमार बनर्जी सहित पुलिस एवं प्रशासन के आला अधिकारी तथा गणेश उत्सव समितियों के पदाधिकारी मौजूद थे।

Sanjay Banjare

स्वामी प्रकाशक/प्रधान संपादक छत्तीसगढ़ न्यूज़ लाइव मो.-9826193791

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!