झपटमारी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, मोबाइल बरामद

झपटमारी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, मोबाइल बरामद
यातायात उल्लंघन पर भी कोटा पुलिस की लगातार कार्रवाई
कोटा। कोटा पुलिस ने झपटमारी के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वीवो कंपनी का एक मोबाइल फोन बरामद किया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, 21 सितंबर 2026 को प्रार्थी राकेश विश्वकर्मा ने थाना कोटा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह ग्राम मंझगांव से मोटरसाइकिल से बिजली का सामान लेने कोटा आ रहा था। इसी दौरान करीब सुबह 11:30 बजे लालपुर मोड़ के पास दो व्यक्तियों ने झपट्टा मारकर उसका मोबाइल फोन छीन लिया। शिकायत पर थाना कोटा में अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू की गई।
वरिष्ठ अधिकारियों को मामले की जानकारी देने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदिग्धों की तलाश की। कार्रवाई के दौरान श्याम लाल ध्रुव (27 वर्ष), निवासी बोईरखोली, कोटा तथा रुपेश कुमार (24 वर्ष), निवासी ग्राम पोंडी, थाना कोटा को गिरफ्तार किया गया। उनके कब्जे से वीवो कंपनी का मोबाइल बरामद कर विधिवत कार्रवाई की गई।
पुलिस द्वारा ‘चेतना विरुद्ध नशा’ अभियान के तहत अपराधों पर त्वरित कार्रवाई के साथ-साथ यातायात नियमों का पालन कराने के लिए भी लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले 9 व्यक्तियों के विरुद्ध धारा 129/194 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। वहीं नो-पार्किंग में वाहन खड़ा करने वाले 13 व्यक्तियों के विरुद्ध धारा 122/177 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
उक्त कार्रवाई में निरीक्षक शशिकांत भारद्वाज, सहायक उप निरीक्षक शिव कुमार साहू, प्रधान आरक्षक भूपेश देहरी, आरक्षक क्रमांक 491 सोम कुमार उइके एवं महिला आरक्षक क्रमांक 933 दीपिका लोनिया की विशेष भूमिका रही।