रतनपुर पुलिस ने गांजा बिक्री के फरार आरोपी को किया गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजा

Sanjay banjare (kota)
रतनपुर पुलिस ने गांजा बिक्री के फरार आरोपी को किया गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजा
बिलासपुर कोटा । जिले में मादक पदार्थों की अवैध बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में रतनपुर पुलिस ने गांजा बिक्री के मामले में फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 15 अक्टूबर 2026 को रतनपुर पुलिस ने ग्राम जाली निवासी भंवर सिंह नेताम के घर पर दबिश देकर उसके कब्जे से 8.185 किलोग्राम गांजा बरामद किया था। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 4 लाख 9 हजार रुपये बताई गई थी।
पूछताछ के दौरान आरोपी भंवर सिंह नेताम ने पुलिस को बताया कि उसने उक्त गांजा ग्राम हिण्डाडीह निवासी रामायण उर्फ मुन्ना पटेल से खरीदा था। इसके बाद से ही पुलिस रामायण उर्फ मुन्ना पटेल की तलाश कर रही थी।
आरोपी के घर पर मौजूद होने की सूचना मिलने पर रतनपुर पुलिस ने दबिश देकर रामायण उर्फ मुन्ना पटेल (62 वर्ष), पिता बोलवा पटेल, निवासी हिण्डाडीह, थाना सीपत, जिला बिलासपुर को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इन पुलिसकर्मियों का रहा विशेष योगदान
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी रतनपुर नीलेश पाण्डेय, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक प्रतिभा पटेल, सहायक उपनिरीक्षक पवन सिंह, आरक्षक देवानंद चंद्राकर एवं आकाश डोंगरे का विशेष योगदान रहा।