साइबर अपराधों के बदलते स्वरूप पर आईजी रामगोपाल गर्ग ने किया जागरूक, डिजिटल अरेस्ट सहित नए साइबर फ्रॉड से बचने के बताए उपाय

साइबर अपराधों के बदलते स्वरूप पर आईजी रामगोपाल गर्ग ने किया जागरूक, डिजिटल अरेस्ट सहित नए साइबर फ्रॉड से बचने के बताए उपाय
एनटीपीसी सीपत के कला निकेतन में आयोजित हुआ साइबर जागरूकता कार्यक्रम, एसएसपी रजनेश सिंह और बैंक अधिकारियों ने भी दी महत्वपूर्ण जानकारी
बिलासपुर। तेजी से बदलते डिजिटल परिवेश में साइबर अपराधों की बढ़ती चुनौतियों और आम नागरिकों को ऑनलाइन ठगी से बचाने के उद्देश्य से बिलासपुर पुलिस द्वारा एनटीपीसी सीपत के कला निकेतन सभागार में 18 नवंबर को विशेष साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज श्री रामगोपाल गर्ग के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में डिजिटल सुरक्षा, साइबर अपराधों के नए तरीकों और उनसे बचाव के उपायों पर विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित आईजी श्री रामगोपाल गर्ग ने कहा कि आज डिजिटल तकनीक हमारे जीवन का अभिन्न हिस्सा बन चुकी है। ऑनलाइन बैंकिंग, सोशल मीडिया और डिजिटल लेन-देन ने जीवन को सुविधाजनक बनाया है, लेकिन इसके साथ ही साइबर अपराधों की चुनौतियां भी बढ़ी हैं। साइबर अपराधी लोगों के भय, लालच और विश्वास का फायदा उठाकर उन्हें ठगी का शिकार बना रहे हैं। ऐसे में प्रत्येक नागरिक का जागरूक और सतर्क रहना बेहद जरूरी है।
उन्होंने डिजिटल अरेस्ट के नाम पर हो रही ठगी को लेकर विशेष रूप से आगाह करते हुए स्पष्ट किया कि पुलिस अथवा किसी भी जांच एजेंसी द्वारा वीडियो कॉल के माध्यम से किसी व्यक्ति को डिजिटल अरेस्ट करने का कोई कानूनी प्रावधान नहीं है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि किसी भी अनजान कॉल पर भयभीत होकर पैसे ट्रांसफर न करें और अपनी गोपनीय बैंकिंग जानकारी किसी के साथ साझा न करें।
साइबर ठगी के नए तरीकों से किया आगाह
आईजी श्री गर्ग ने अपने उद्बोधन में डिजिटल अरेस्ट फ्रॉड, म्यूल अकाउंट, इम्पर्सोनेशन फ्रॉड, APK फ्रॉड, ट्रेडिंग एवं इन्वेस्टमेंट फ्रॉड तथा सेक्सटॉर्शन जैसे साइबर अपराधों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किस प्रकार अपराधी फर्जी पहचान, संदिग्ध लिंक, मोबाइल एप और अधिक मुनाफे का लालच देकर लोगों को अपने जाल में फंसाते हैं।
उन्होंने म्यूल अकाउंट के संबंध में बताया कि दूसरों के लालच में अपना बैंक खाता साइबर ठगी की रकम के लेन-देन के लिए उपलब्ध कराना गंभीर कानूनी परेशानी का कारण बन सकता है। इसके साथ ही साइबर अपराधों की निगरानी, शिकायतों के निराकरण और त्वरित कार्रवाई से संबंधित MRM एवं GRM मॉड्यूल की कार्यप्रणाली की भी जानकारी दी।
एसएसपी रजनेश सिंह ने बताए बचाव के व्यावहारिक उपाय
कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं उप पुलिस महानिरीक्षक जिला बिलासपुर श्री रजनेश सिंह (भा.पु.से.) ने भी उपस्थित लोगों को संबोधित किया। उन्होंने साइबर अपराधों की रोकथाम और ऑनलाइन ठगी से बचने के व्यावहारिक उपाय बताए। उन्होंने कहा कि साइबर ठगी होने पर शुरुआती समय बेहद महत्वपूर्ण होता है। इसलिए बिना देरी किए तत्काल शिकायत दर्ज कराना चाहिए, ताकि ठगी की रकम को संबंधित बैंक खातों में होल्ड कराने की संभावना बढ़ सके।
बैंक अधिकारियों ने भी दी साइबर सुरक्षा की जानकारी
कार्यक्रम में भारतीय स्टेट बैंक, सीपत शाखा की शाखा प्रबंधक ने बैंकिंग से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। उन्होंने ऑनलाइन बैंकिंग के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों और साइबर फ्रॉड से सुरक्षित रहने के उपायों के बारे में विस्तार से बताया।
इस अवसर पर एनटीपीसी के चीफ जनरल मैनेजर एवं हेड ऑफ प्रोजेक्ट श्री विजय शंकर दुबे विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में एनटीपीसी के अधिकारी-कर्मचारी, वरिष्ठ नागरिक, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के अधिकारी एवं जवान तथा स्कूली विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और साइबर सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।
साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर करें शिकायत
बिलासपुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होने पर घबराएं नहीं, बल्कि तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें अथवा www.cybercrime.gov.in पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराएं। समय पर शिकायत करने से ठगी की रकम को रोकने में मदद मिल सकती है।
कार्यक्रम के समापन पर एनटीपीसी प्रबंधन ने बिलासपुर पुलिस की इस जन-जागरूकता पहल की सराहना करते हुए उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं साइबर सेल की टीम के प्रति आभार व्यक्त किया।
बिलासपुर पुलिस द्वारा पुलिस महानिरीक्षक श्री रामगोपाल गर्ग के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में साइबर अपराधों की रोकथाम, तकनीकी जागरूकता के विस्तार और सुरक्षित डिजिटल समाज के निर्माण के लिए लगातार जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
बिलासपुर पुलिस — साइबर सुरक्षा, सबकी जिम्मेदारी।