20 नवंबर को स्थानीय अवकाश घोषित करने संबंधी पत्र फर्जी,जिला कार्यालय बिलासपुर ने किया खंडन, जांच एवं कार्रवाई के दिए निर्देश

20 नवंबर को स्थानीय अवकाश घोषित करने संबंधी पत्र फर्जी,जिला कार्यालय बिलासपुर ने किया खंडन, जांच एवं कार्रवाई के दिए निर्देश
बिलासपुर, 16 नवंबर 2026। जिला कार्यालय बिलासपुर के नाम से 20 नवंबर 2026 को देवउठनी एकादशी एवं तुलसी विवाह के अवसर पर स्थानीय अवकाश घोषित करने संबंधी एक पत्र सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यमों से प्रसारित किया जा रहा है। जिला प्रशासन ने इस पत्र को फर्जी बताया है।
अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी श्री शिवकुमार बनर्जी ने स्पष्ट किया है कि जिला कार्यालय बिलासपुर द्वारा इस संबंध में कोई आदेश जारी नहीं किया गया है।
उन्होंने बताया कि प्रसारित फर्जी पत्र में पूर्व घोषित स्थानीय अवकाश के स्थान पर 20 नवंबर को अवकाश घोषित किए जाने का उल्लेख किया गया है। जिला प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए फर्जी पत्र की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
जिला प्रशासन ने नागरिकों, शासकीय कार्यालयों एवं शैक्षणिक संस्थानों से अपील की है कि वे इस फर्जी पत्र को आधिकारिक आदेश न मानें और इसके आधार पर किसी भी प्रकार के भ्रम में न पड़ें। अवकाश संबंधी जानकारी के लिए केवल जिला प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक आदेशों पर ही भरोसा करें।