बिलासपुर जिले में पर्यावरणीय स्वीकृति के बाद ही सात रेत खदानों को मिली मंजूरी

संजय बंजारे (कोटा)
बिलासपुर जिले में पर्यावरणीय स्वीकृति के बाद ही सात रेत खदानों को मिली मंजूरी
छह प्रस्तावित रेत खदानों की पर्यावरणीय सम्मति की प्रक्रिया जारी, बिना स्वीकृति खदान संचालन की खबर को खनिज विभाग ने बताया भ्रामक
बिलासपुर, 14 नवंबर। बिलासपुर जिले में रेत खदानों के संचालन को लेकर खनिज विभाग ने स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया है कि जिले में वर्तमान में सात रेत खदानें नियमानुसार पर्यावरणीय सम्मति प्राप्त होने के बाद ही स्वीकृत की गई हैं। इनमें सोढाखुर्द, करही कच्छार, अमलडीहा, उदयबंद, निरतु, कच्छार एवं कुकुरदिकला-2 शामिल हैं।
उप संचालक, खनिज प्रशासन विभाग बिलासपुर श्री किशोर गोलघाटे ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि जिले की छह अन्य प्रस्तावित रेत खदानों की पर्यावरणीय सम्मति प्राप्त करने की प्रक्रिया अभी जारी है। इनमें लमेर, लोफन्दी, घुटकू, उदयबंद-2, उदयबंद-3 एवं कुकुरदिकला शामिल हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि बिलासपुर जिले में ऐसी कोई भी रेत खदान संचालित नहीं है, जिसे पर्यावरणीय स्वीकृति प्राप्त न हुई हो। साथ ही उन्होंने कुछ वेब पोर्टलों में बिना पर्यावरणीय स्वीकृति के रेत खदानों के संचालन को लेकर प्रसारित खबरों को असत्य एवं भ्रामक बताया है।
खनिज विभाग के इस स्पष्टीकरण के बाद जिले में रेत खदानों की स्वीकृति एवं संचालन को लेकर स्थिति स्पष्ट हो गई है।