धान खरीदी से पहले प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 7 ठिकानों से 200.40 क्विंटल धान जब्त बिलासपुर में अवैध धान संग्रहण पर प्रशासन की सख्ती, राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने की छापेमारी

धान खरीदी से पहले प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 7 ठिकानों से 200.40 क्विंटल धान जब्त
बिलासपुर में अवैध धान संग्रहण पर प्रशासन की सख्ती, राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने की छापेमारी
बिलासपुर कोटा । छत्तीसगढ़ में 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होने से पहले बिलासपुर जिला प्रशासन ने अवैध धान संग्रहण और कारोबार के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने जिले के सात अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी कर कुल 200.40 क्विंटल धान जब्त किया है।
प्रशासन की इस कार्रवाई का उद्देश्य धान खरीदी केंद्रों में अनधिकृत रूप से धान खपाने और अवैध कारोबार पर रोक लगाना है। संबंधित क्षेत्रों के अनुविभागीय अधिकारी राजस्व (एसडीएम) एवं तहसीलदारों के नेतृत्व में जांच दलों ने व्यापारिक प्रतिष्ठानों और धान संग्रहण स्थलों का औचक निरीक्षण किया।
कार्रवाई के दौरान चकरभाठा में शुभम हरियाणी के नानक ट्रेडर्स से 28 क्विंटल और श्री कृष्णा धान भंडार से 24 क्विंटल धान जब्त किया गया। वहीं, कोटा के वार्ड क्रमांक-1 स्थित जय भगवान अग्रवाल की श्रीराम राइस मिल से 50.40 क्विंटल तथा ग्राम गतौरा के अमर किराना स्टोर्स से 28 क्विंटल धान की जब्ती की गई।
इसी तरह बेलगहना में नवीन अग्रवाल के विशेष ट्रेडर्स से 24 क्विंटल, ग्राम किरारी के राम गोपाल किराना स्टोर्स से 26 क्विंटल और मझवानी, दारसागर स्थित जागेश्वर प्रसाद जायसवाल के पप्पू किराना स्टोर से 20 क्विंटल धान जब्त किया गया।
जिला प्रशासन के अनुसार, सभी मामलों में मंडी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि धान खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने और अवैध रूप से धान का संग्रहण एवं कारोबार करने वालों पर अंकुश लगाने के लिए निगरानी लगातार जारी रहेगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले व्यापारियों और संस्थानों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।