5 साल से फरार हत्या के प्रयास और बलवा के तीन आरोपी गिरफ्तार, मल्हार पुलिस की बड़ी कार्रवाई सिरगिट्टी क्षेत्र में घेराबंदी कर दबोचे गए आरोपी, चार स्थाई गिरफ्तारी वारंटों की भी हुई तामिली

5 साल से फरार हत्या के प्रयास और बलवा के तीन आरोपी गिरफ्तार, मल्हार पुलिस की बड़ी कार्रवाई
सिरगिट्टी क्षेत्र में घेराबंदी कर दबोचे गए आरोपी, चार स्थाई गिरफ्तारी वारंटों की भी हुई तामिली
बिलासपुर। हत्या के प्रयास और बलवा के गंभीर मामले में पिछले पांच वर्षों से फरार चल रहे तीन आरोपियों को मल्हार पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने मुखबिर से मिली गोपनीय सूचना के आधार पर सिरगिट्टी क्षेत्र में घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को पकड़ा। इसके साथ ही आरोपियों के विरुद्ध लंबित चार स्थाई गिरफ्तारी वारंटों की भी तामिली की गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 9 मार्च 2021 को ग्राम बिनेका में ओमप्रकाश कुर्रे, उसके पुत्र लव कुर्रे और राजेश कुर्रे ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर प्रार्थी रामेश्वर कोसले एवं अन्य लोगों के साथ मारपीट की थी। आरोपियों पर हत्या की नीयत से हमला कर गंभीर चोट पहुंचाने और बलवा करने का आरोप है। मामले में थाना मस्तूरी में अपराध क्रमांक 94/2021 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।
घटना के बाद से ही तीनों आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहे थे। पुलिस द्वारा उनकी लगातार तलाश की जा रही थी, लेकिन वे पकड़ में नहीं आ रहे थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह ने फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद एसडीओपी मस्तूरी सुदीप सरकार के मार्गदर्शन में चौकी मल्हार पुलिस की विशेष टीम गठित की गई।
इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि तीनों फरार आरोपी सिरगिट्टी क्षेत्र में मौजूद हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने गोपनीय तरीके से घेराबंदी कर दबिश दी और पांच साल से फरार चल रहे तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी:
ओमप्रकाश कुर्रे, पिता सुकुल कुर्रे, उम्र 55 वर्ष।
लव कुर्रे, पिता ओमप्रकाश कुर्रे, उम्र 30 वर्ष।
राजेश कुर्रे, पिता ओमप्रकाश कुर्रे।
तीनों आरोपी ग्राम बिनेका, चौकी मल्हार के निवासी हैं।
चार स्थाई गिरफ्तारी वारंटों की भी तामिली
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के विरुद्ध वर्ष 2018 से संबंधित अन्य मामलों में कुल चार स्थाई गिरफ्तारी वारंट भी लंबित थे। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने इन चारों वारंटों की भी तामिली की।
तीनों आरोपियों को चौकी मल्हार लाकर वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद अग्रिम कार्रवाई के लिए न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। पूरी कार्रवाई वरिष्ठ अधिकारियों के दिशा-निर्देश एवं मार्गदर्शन में चौकी मल्हार पुलिस टीम द्वारा की गई।