बिलासपुर में अवैध शराब के कारोबार पर पुलिस का प्रहार, 34 लीटर से अधिक शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार, टिकरापारा में अवैध शराब बिक्री का भंडाफोड़, देशी-विदेशी शराब और नगदी समेत 15,460 रुपये का माल जब्त

बिलासपुर में अवैध शराब के कारोबार पर सिटी कोतवाली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 34.240 बल्क लीटर शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार
ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस ने टिकरापारा के खटिक मोहल्ला में दी दबिश, 15,460 रुपये का मशरूका जब्त
बिलासपुर। जिले में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान ऑपरेशन प्रहार के तहत सिटी कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से देशी एवं विदेशी शराब की बिक्री करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कुल 34.240 बल्क लीटर शराब, जिसकी कीमत 13,860 रुपये है, बरामद की है। इसके अलावा शराब बिक्री से प्राप्त 1,600 रुपये नगद भी जब्त किए गए हैं। जब्त मशरूका की कुल कीमत 15,460 रुपये बताई गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह के निर्देश पर जिले में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ ऑपरेशन प्रहार चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार के मार्गदर्शन में सिटी कोतवाली पुलिस द्वारा अवैध शराब बिक्री करने वालों पर नजर रखी जा रही थी।
इसी दौरान 10 नवंबर 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि टिकरापारा स्थित खटिक मोहल्ला में एक व्यक्ति अवैध रूप से देशी एवं विदेशी शराब रखकर बिक्री कर रहा है। सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक तोप सिंह नवरंग के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गवाहों की मौजूदगी में बताए गए स्थान पर दबिश दी।
पुलिस ने मौके से संतोष खटिक (55 वर्ष), पिता स्व. कामता खटिक, निवासी टिकरापारा, खटिक मोहल्ला, थाना सिटी कोतवाली, बिलासपुर को अवैध रूप से शराब बिक्री करते पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 40 नग सिम्बा बीयर की बोतल (26 बल्क लीटर), 24 पाव देशी प्लेन शराब (4.300 बल्क लीटर), 6 पाव ब्लेंडर्स प्राइड अंग्रेजी शराब (1.800 बल्क लीटर) तथा 11 पाव अंग्रेजी व्हिस्की (2.140 बल्क लीटर) बरामद की गई।
इस तरह पुलिस ने कुल 34.240 बल्क लीटर शराब कीमती 13,860 रुपये और शराब बिक्री की नगद रकम 1,600 रुपये सहित कुल 15,460 रुपये का मशरूका जब्त किया।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे गिरफ्तार किया। इसके बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ पुलिस की यह कार्रवाई ऑपरेशन प्रहार के तहत की गई है।