पीपरतराई में महाविद्यालयीन क्रॉस कंट्री प्रतियोगिता का आयोजन, पुरुष एवं महिला वर्ग में 22 धावकों ने लिया हिस्सा पुरुष वर्ग में चंद्रप्रकाश और महिला वर्ग में अंजना महरा ने हासिल किया प्रथम स्थान

पीपरतराई में महाविद्यालयीन क्रॉस कंट्री प्रतियोगिता का आयोजन, पुरुष एवं महिला वर्ग में 22 धावकों ने लिया हिस्सा पुरुष वर्ग में चंद्रप्रकाश और महिला वर्ग में अंजना महरा ने हासिल किया प्रथम स्थान
कोटा।सी.एस.आर.महाविद्यालय पीपरतराई-कोटा के तत्वावधान में उच्च शिक्षा विभाग की अंतरमहाविद्यालयीन क्रॉस कंट्री (मैराथन दौड़) प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में पुरुष एवं महिला दोनों वर्गों के लिए 10 किलोमीटर की दौड़ निर्धारित की गई थी। इस प्रतियोगिता में कुल 22 धावकों ने हिस्सा लेकर अपनी खेल प्रतिभा और दमखम का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के पुरुष वर्ग में शासकीय महामाया महाविद्यालय, रतनपुर के चंद्रप्रकाश ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। शासकीय पातालेश्वर महाविद्यालय, मस्तूरी के युवराज द्वितीय तथा शासकीय राजीव गांधी महाविद्यालय, लोरमी के निलेश कुमार तृतीय स्थान पर रहे।
वहीं महिला वर्ग में शासकीय अग्रसेन महाविद्यालय, बिल्हा की अंजना महरा ने प्रथम स्थान हासिल किया। शासकीय एस.एन.जी. महाविद्यालय, मुंगेली की हेमलता द्वितीय तथा शासकीय निरंजन केशरवानी महाविद्यालय, कोटा की नन्देश्वरी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
अतिथियों ने किया विजेताओं का सम्मान
प्रतियोगिता के पुरस्कार वितरण समारोह में अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय, बिलासपुर के खेल संचालक डॉ. प्रमोद तिवारी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। ग्राम पंचायत पीपरतराई के सरपंच श्री बसंत बंजारे विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य श्री सोनकर कुमार सोनकर ने की। अतिथियों ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए खेलों के महत्व पर प्रकाश डाला तथा विद्यार्थियों को खेल गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर विभिन्न महाविद्यालयों के क्रीड़ा अधिकारी डॉ. जितेन्द्र मिश्रा, डॉ. बसंत अंचल, श्री मुकेश बिहारी, श्री चोलेश शंकर साहू, डॉ. बी. जॉन, श्री राजेश सिंह, श्री चंद्रप्रताप सिंह, श्री अविनाश निर्मलकर, डॉ. आलोक कुमार चौरसिया एवं कु. सविता रजक सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी, शैक्षणिक स्टाफ और विद्यार्थी उपस्थित रहे। प्रतियोगिता के दौरान कोटा पुलिस एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम ने भी सहयोग प्रदान किया।
खेल अधिकारी के प्रयासों से सफल आयोजन
पूरे आयोजन को सफल एवं सुव्यवस्थित बनाने में सी.एस.आर. महाविद्यालय के क्रीड़ा अधिकारी श्री लवकेश यादव का विशेष योगदान रहा। प्रतियोगिता के माध्यम से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला तथा विभिन्न महाविद्यालयों के बीच खेल भावना, अनुशासन और आपसी समन्वय को बढ़ावा मिला। आयोजन में उपस्थित अतिथियों एवं प्रतिभागियों ने प्रतियोगिता की सराहना की।