वॉलीबॉल महिला प्रतियोगिता में सरदार भगत सिंह महाविद्यालय बेलगहना का शानदार प्रदर्शन, फाइनल में पहुंचकर हासिल किया दूसरा स्थान

संजय बंजारे (कोटा )
वॉलीबॉल महिला प्रतियोगिता में सरदार भगत सिंह महाविद्यालय बेलगहना का शानदार प्रदर्शन, फाइनल में पहुंचकर हासिल किया दूसरा िस्थान
कोटा । सेक्टर स्तरीय महिला वॉलीबॉल प्रतियोगिता में सरदार भगत सिंह महाविद्यालय, बेलगहना की छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए क्षेत्र का गौरव बढ़ाया। प्रतियोगिता में टीम ने बिल्हा एवं निरंजन कॉलेज को हराकर फाइनल में जगह बनाई। फाइनल मुकाबला बिलासा कन्या महाविद्यालय और सरदार भगत सिंह महाविद्यालय, बेलगहना के बीच खेला गया, जिसमें बेलगहना की टीम ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिता के दौरान महाविद्यालय की खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल, मेहनत और टीम भावना का परिचय दिया। उनके प्रदर्शन ने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। खिलाड़ियों के इस प्रदर्शन से बेलगहना क्षेत्र में खुशी का माहौल है और उनकी उपलब्धि को क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण माना जा रहा है।
नियमित अभ्यास और मार्गदर्शन से मिली सफलता
टीम की कोच सविता रजक ने बताया कि महाविद्यालय की छात्राएं प्रतिदिन निर्धारित समय पर नियमित अभ्यास करती हैं। खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण का ही परिणाम है कि टीम ने सेक्टर स्तरीय प्रतियोगिता में फाइनल तक का सफर तय किया और दूसरा स्थान हासिल किया।
उन्होंने बताया कि खिलाड़ियों को महाविद्यालय की ओर से लगातार सहयोग और प्रोत्साहन मिलता रहा है, जिससे छात्राओं का मनोबल बढ़ा है और उन्हें बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिली है।
महाविद्यालय प्रबंधन का मिल रहा निरंतर सहयोग
महाविद्यालय के व्यवस्थापक डॉ. रंजीत सिंह पवार खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने और खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने में हमेशा सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। उनके सहयोग और मार्गदर्शन से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिल रहा है।
सरदार भगत सिंह महाविद्यालय की महिला वॉलीबॉल टीम की इस उपलब्धि ने बेलगहना क्षेत्र का मान बढ़ाया है। खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन से महाविद्यालय परिवार में उत्साह है। उम्मीद है कि छात्राएं भविष्य में भी इसी तरह मेहनत और लगन के साथ खेलते हुए नई उपलब्धियां हासिल करेंगी।