Uncategorized

कोटा रेलवे स्टेशन पर अमरकंटक और नौतनवा एक्सप्रेस के ठहराव की मांग, पार्षद कान्हा संतोष गुप्ता ने रेलवे अधिकारियों से की मुलाकात

कोटा रेलवे स्टेशन पर अमरकंटक और नौतनवा एक्सप्रेस के ठहराव की मांग, पार्षद कान्हा संतोष गुप्ता ने रेलवे अधिकारियों से की मुलाकात

कोटा। कोटा रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की समस्याओं और ट्रेनों के ठहराव की मांग को लेकर वार्ड क्रमांक 11 के पार्षद कान्हा संतोष गुप्ता ने रेलवे के डीएमओ अधिकारी से मुलाकात की। उन्होंने अमरकंटक एक्सप्रेस और नौतनवा एक्सप्रेस जैसी महत्वपूर्ण ट्रेनों का कोटा रेलवे स्टेशन पर ठहराव सुनिश्चित करने के लिए निवेदन किया।
पार्षद कान्हा संतोष गुप्ता ने बताया कि आज उन्हें जानकारी मिली कि रेलवे के कुछ अधिकारी कोटा में जनसमस्याओं को सुनने के लिए पहुंचे हैं। इसकी जानकारी मिलते ही उन्होंने तत्काल अधिकारियों से संपर्क कर मुलाकात के लिए समय मांगा और रेलवे स्टेशन में आयोजित जन शिविर में पहुंचकर क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं को उनके सामने रखा।
उन्होंने कहा कि कोटा रेलवे स्टेशन पर महत्वपूर्ण ट्रेनों का ठहराव नहीं होने से यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अमरकंटक और नौतनवा एक्सप्रेस से यात्रा करने वाले लोगों को ट्रेन पकड़ने के लिए दूर-दराज के रेलवे स्टेशनों तक जाना पड़ता है। इससे यात्रियों का समय और पैसा दोनों खर्च होते हैं।ट्रेनों के ठहराव से व्यापार और रोजगार को मिलेगा लाभ पार्षद ने कहा कि इन ट्रेनों का कोटा स्टेशन पर ठहराव होने से आम यात्रियों को राहत मिलेगी। साथ ही कोटा नगर के व्यापारियों और आसपास के क्षेत्र के लोगों को भी इसका लाभ मिलेगा। व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ ही रोजगार के अवसरों को भी मजबूती मिल सकती है। वर्तमान में ट्रेनों के ठहराव की कमी के कारण स्थानीय व्यापारियों को नुकसान होने की बात भी उन्होंने अधिकारियों के सामने रखी।
उन्होंने रेलवे अधिकारियों से जनहित को ध्यान में रखते हुए अमरकंटक और नौतनवा एक्सप्रेस का कोटा रेलवे स्टेशन पर ठहराव शुरू कराने की मांग की, ताकि क्षेत्र के हजारों यात्रियों को बेहतर रेल सुविधा मिल सके।
इस दौरान दिलीप मानिकपुरी, रिंकू सोनी, सागर गुप्ता, रामेश्वर छोटकू ठाकुर सहित कोटा नगर के अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे। सभी ने रेलवे अधिकारियों के समक्ष यात्रियों की समस्याओं को रखते हुए ट्रेनों के ठहराव की मांग की।

Sanjay Banjare

स्वामी प्रकाशक/प्रधान संपादक छत्तीसगढ़ न्यूज़ लाइव मो.-9826193791

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!