ऑपरेशन बाज के तहत बिल्हा पुलिस को सफलता बाबा का वेश धारण कर छिप रहा स्थायी वारंटी मतदाता परिचय पत्र से पकड़ाया, दो स्थायी वारंट तामील

ऑपरेशन बाज के तहत बिल्हा पुलिस को सफलता
बाबा का वेश धारण कर छिप रहा स्थायी वारंटी मतदाता परिचय पत्र से पकड़ाया, दो स्थायी वारंट तामील
बिल्हा पुलिस की विशेष कार्रवाई — एक सप्ताह के भीतर 06 स्थायी वारंट तामील।
बिलासपुर। पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के निर्देशानुसार जिले में ऑपरेशन बाज के तहत स्थायी वारंटियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मधुलिका सिंह एवं नगर पुलिस अधीक्षक चकरभाठा श्री राजेश जोशी के मार्गदर्शन में थाना बिल्हा पुलिस ने दो स्थायी वारंट तामील करने में सफलता हासिल की है।
दो वर्ष से बाबा का वेश धारण कर छिप रहा था वारंटी
मामले का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि मारपीट के मामले में स्थायी वारंटी जगदीश बांधे पिछले लगभग दो वर्षों से बाबा का वेश धारण कर दूसरे गांवों में घूम रहा था तथा भीख मांगकर जीवनयापन कर रहा था। वेशभूषा बदल लेने के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में उसकी पहचान करना मुश्किल हो रहा था।
पुलिस द्वारा उसकी पतासाजी के लिए ग्राम सरपंच से मतदाता परिचय पत्र संबंधी जानकारी प्राप्त की गई। इसी दौरान दिनांक 17 अक्टूबर 2026 को जगदीश बांधे बाबा के वेश में बिल्हा रेलवे स्टेशन पर घूमता मिला। मतदाता परिचय पत्र में उपलब्ध फोटो से मिलान करने पर उसकी पहचान सुनिश्चित हुई। इसके बाद उसे थाना लाया गया।
आबकारी मामले के स्थायी वारंटी को भी पकड़ा
इसी अभियान के तहत आबकारी मामले में फरार स्थायी वारंटी मनोज टण्डन, निवासी इन्द्रपुरी तिफरा, थाना सिरगिट्टी, जिला बिलासपुर की भी पतासाजी कर उसे पकड़ा गया। दोनों स्थायी वारंटियों को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
बिल्हा पुलिस द्वारा ऑपरेशन बाज के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के अंतर्गत एक सप्ताह के भीतर कुल 06 स्थायी वारंट तामील किए जा चुके हैं। स्थायी वारंटियों की पतासाजी एवं गिरफ्तारी की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
गिरफ्तार स्थायी वारंटियों का विवरण
मनोज टण्डन, पिता सालिक टण्डन, उम्र 33 वर्ष, निवासी इन्द्रपुरी तिफरा, थाना सिरगिट्टी, जिला बिलासपुर। (आबकारी मामला)
जगदीश बांधे, पिता सीताराम बांधे, उम्र 50 वर्ष, निवासी देवकिरारी, थाना बिल्हा, जिला बिलासपुर। (मारपीट का मामला)
पुलिस टीम का योगदान
उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रशिक्षु उप निरीक्षक आकाश कुमार बंजारे, निरीक्षक तोपसिंह नवरंग एवं आरक्षक क्रमांक 886 प्रताप साहू का विशेष योगदान रहा।