Uncategorized

प्रशासन में पारदर्शिता ऐसी हो कि सूचना छिपाने की नौबत ही न आए : कलेक्टर,आरटीआई पोर्टल पर ऑनबोर्डिंग के लिए जिला स्तरीय प्रशिक्षण संपन्न, अधिकारियों को अधिनियम के प्रावधानों की दी गई जानकारी

प्रशासन में पारदर्शिता ऐसी हो कि सूचना छिपाने की नौबत ही न आए : कलेक्टर,आरटीआई पोर्टल पर ऑनबोर्डिंग के लिए जिला स्तरीय प्रशिक्षण संपन्न, अधिकारियों को अधिनियम के प्रावधानों की दी गई जानकारी

बिलासपुर, 16 अक्टूबर 2026। कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल की अध्यक्षता में जिला कार्यालय के मंथन सभाकक्ष में सूचना का अधिकार (आरटीआई) पोर्टल पर ऑनबोर्डिंग के संबंध में एक दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में जिले के जनसूचना अधिकारियों एवं प्रथम अपीलीय अधिकारियों ने भाग लिया। इस दौरान तकनीकी अधिकारियों ने पोर्टल पर ऑनबोर्डिंग की प्रक्रिया समझाते हुए इसके संचालन एवं उपयोग संबंधी जानकारी दी।
कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि कार्यप्रणाली में इतनी पारदर्शिता होनी चाहिए कि किसी भी सूचना को छिपाने की आवश्यकता ही न पड़े। सूचना का अधिकार अधिनियम प्रशासनिक कामकाज में जवाबदेही सुनिश्चित करने के साथ ही अधिकारियों को अपने दायित्वों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करने के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने अधिकारियों से अधिनियम के प्रावधानों का गंभीरता से अध्ययन करने, उन्हें सही ढंग से समझने और उनकी मूल भावना के अनुरूप कार्य करने की अपील की।
कलेक्टर ने कहा कि सूचना का अधिकार अधिनियम जनहित से जुड़ा महत्वपूर्ण कानून है। इसे केवल आवेदनों के निराकरण तक सीमित रखकर नहीं देखना चाहिए, बल्कि व्यापक सामाजिक परिप्रेक्ष्य में समझना जरूरी है। लोकतंत्र में नागरिकों का सशक्त होना देश के विकास को गति प्रदान करता है। आम जनता के पास सूचना की ताकत होने से प्रशासन में पारदर्शिता बढ़ती है और जवाबदेही सुनिश्चित होती है।
उन्होंने कहा कि अधिनियम के प्रावधानों की पर्याप्त जानकारी नहीं होने पर अधिकारियों को दंडात्मक कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है। इसलिए सभी अधिकारियों को इसके अध्ययन और व्यावहारिक समझ पर विशेष ध्यान देना चाहिए। उन्होंने सुझाव दिया कि अधिकारी अधिनियम को केवल सूचना उपलब्ध कराने वाले अधिकारी के दृष्टिकोण से ही नहीं, बल्कि सूचना मांगने वाले नागरिक के नजरिये से भी पढ़ें। इससे अधिनियम के उद्देश्यों और विभिन्न प्रावधानों को बेहतर ढंग से समझने में मदद मिलेगी।
प्रशिक्षण के दौरान आरटीआई पोर्टल पर ऑनबोर्डिंग की प्रक्रिया और उसके प्रभावी उपयोग से संबंधित तकनीकी पहलुओं की जानकारी दी गई। इस अवसर पर अपर कलेक्टर डॉ. ज्योति पटेल, डिप्टी कलेक्टर श्री सालिकराम गुप्ता सहित जिले के जनसूचना अधिकारी एवं प्रथम अपीलीय अधिकारी उपस्थित थे।

Sanjay Banjare

स्वामी प्रकाशक/प्रधान संपादक छत्तीसगढ़ न्यूज़ लाइव मो.-9826193791

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!