बिलासपुर में दिनदहाड़े चोरी करने वाले गिरोह के 3 आरोपी गिरफ्तार, 10 मामलों का खुलासा,कोटा पुलिस और ACCU की संयुक्त कार्रवाई, 19 लाख रुपये की कार-बाइक समेत करीब 18.8 लाख रुपये का मशरूका जब्त

बिलासपुर में दिनदहाड़े चोरी करने वाले गिरोह के 3 आरोपी गिरफ्तार, 10 मामलों का खुलासा,कोटा पुलिस और ACCU की संयुक्त कार्रवाई, 19 लाख रुपये की कार-बाइक समेत करीब 18.8 लाख रुपये का मशरूका जब्त

बिलासपुर। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में दिनदहाड़े सूने मकानों का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। कोटा पुलिस और एसीसीयू बिलासपुर की संयुक्त टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड के आधार पर कार्रवाई करते हुए कुल 10 चोरी के मामलों का खुलासा किया है। इनमें बिलासपुर जिले के विभिन्न थानों के 9 और कोरबा जिले के पाली थाना क्षेत्र का एक मामला शामिल है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विनोद कुमार वासुदेव (33 वर्ष), भूपेंद्र सिंह राठौर उर्फ गुरुजी (43 वर्ष) और राज प्रजापति उर्फ लल्लू (19 वर्ष) के रूप में हुई है। तीनों कोरबा जिले के मानिकपुर क्षेत्र के निवासी हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के विरुद्ध पूर्व में जांजगीर जिले में भी दिन में चोरी के 19 प्रकरण दर्ज रहे हैं। इन मामलों में न्यायालयीन प्रक्रिया विचाराधीन बताई गई है।
दोपहर में सूने मकानों को बनाते थे निशाना
पुलिस के मुताबिक, आरोपी दोपहिया वाहन से ग्रामीण क्षेत्रों में घूमते थे। दोपहर के समय जब ग्रामीण खेती-किसानी या अन्य कामों से घर से बाहर जाते थे, तब आरोपी सूने मकानों और उनमें लगे तालों को निशाना बनाते थे। ताला तोड़कर घर के अंदर रखी पेटी और अलमारी से सोने-चांदी के जेवरात तथा नकदी चोरी कर फरार हो जाते थे।
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह के निर्देश पर थाना कोटा और एसीसीयू की संयुक्त टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह, एसीसीयू नोडल अधिकारी सीएसपी सुदीप सरकार और एसडीओपी कोटा नूपुर उपाध्याय के नेतृत्व में टीम ने जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी इनपुट और पुराने आपराधिक रिकॉर्ड के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची।
चोरी की रकम से खरीदी कार और बाइक
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने चोरी की घटनाओं में शामिल होना स्वीकार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी विनोद कुमार वासुदेव ने चोरी की रकम से क्रेटा कार खरीदी थी और उसकी किस्तें भी चुकाई थीं। वहीं, आरोपी राज प्रजापति उर्फ लल्लू ने चोरी की रकम से अपने चाचा के नाम पर बुलेट मोटरसाइकिल खरीदी थी। पुलिस ने इन वाहनों को भी जब्त किया है।
सोने-चांदी के जेवर और नकदी बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक सफेद क्रेटा कार, एक बुलेट मोटरसाइकिल, एक होंडा एसपी साइन मोटरसाइकिल, करीब 6 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण, 1 लाख 30 हजार रुपये नकद और गुल्लक के 1,250 रुपये के सिक्के बरामद किए हैं।
जब्त आभूषणों में चांदी की पायल, अंगूठियां, बिछिया, करधन, बच्चों के आभूषण और अन्य चांदी के सामान के साथ सोने का मंगलसूत्र, लॉकेट, टॉप्स और अन्य जेवर शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, जब्त मशरूका की कुल अनुमानित कीमत करीब 18 लाख 81 हजार 250 रुपये है।
10 मामलों में गिरफ्तारी, आगे की जांच जारी
पुलिस ने तीनों आरोपियों को चोरी के कुल 10 प्रकरणों में गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड को भी जांच में शामिल किया गया है। पुलिस अब उनकी संपत्ति की जांच कर आगे की वैधानिक कार्रवाई करने की बात कह रही है।
इस पूरी कार्रवाई में थाना कोटा के निरीक्षक शशिकांत भारद्वाज, थाना प्रभारी उपनिरीक्षक दिलीप साहू, प्रधान आरक्षक सत्य प्रकाश यादव, प्रधान आरक्षक उमाशंकर राठौर, एसीसीयू प्रभारी निरीक्षक गोपाल सतपथी, उपनिरीक्षक कमलेश बंजारे सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों का योगदान रहा।