Uncategorized

निर्माण कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, गुणवत्ता और समय-सीमा पर दें विशेष ध्यान: जिला पंचायत सीईओ

Sanjay banjare (kota)
निर्माण कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, गुणवत्ता और समय-सीमा पर दें विशेष ध्यान: जिला पंचायत सीईओ
कोटा की तीन ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों का निरीक्षण, प्रार्थना शेड की ऊंचाई बढ़ाने और दुकान का फर्श ऊंचा करने के निर्देश
अनुपस्थित पंचायत सचिव को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश


बिलासपुर कोटा।10 अक्टूबर। जिले में ग्रामीण विकास कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और योजनाओं का लाभ आम जनता तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल ने जनपद पंचायत कोटा की तीन ग्राम पंचायतों नवागांव सलका, कुवारीमुड़ा और गोबरीपाट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ ने जिला खनिज न्यास निधि (डीएमएफ), सांसद निधि एवं वीबी-जी राम जी योजना सहित विभिन्न मदों से कराए जा रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा की। इनमें सामुदायिक भवन, प्रार्थना शेड, उचित मूल्य की दुकान, बाउंड्रीवॉल, बालिका शौचालय और आंगनबाड़ी भवन शामिल हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से निर्माण कार्यों की वर्तमान स्थिति की जानकारी लेते हुए आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने को कहा।
बारिश में जलभराव रोकने के लिए दिए सुधार के निर्देश
निरीक्षण के दौरान प्रार्थना शेड की ऊंचाई बढ़ाने और उचित मूल्य की दुकान के फर्श का स्तर ऊंचा करने के निर्देश संबंधित उप अभियंता को दिए गए। इसका उद्देश्य बारिश के दौरान पानी भरने की समस्या से बचाव करना और ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। सीईओ ने निर्माण कार्यों में निर्धारित मापदंडों का पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
आंगनबाड़ी में स्वच्छता पर जोर, सचिव को नोटिस
जिला पंचायत सीईओ ने आंगनबाड़ी केंद्र में साफ-सफाई और सुव्यवस्थित संचालन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों को स्वच्छ, सुरक्षित और अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराया जाना चाहिए, ताकि केंद्रों का संचालन बेहतर तरीके से हो सके।
वहीं, निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित पाए गए ग्राम पंचायत सचिव के खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। इस कार्रवाई को पंचायत स्तर पर जिम्मेदारी और कार्यों के प्रति जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान जनपद पंचायत सीईओ युवराज सिंहा, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के एसडीओ, जिला कार्यक्रम अधिकारी वीबी-जी राम जी, संबंधित ग्राम पंचायतों के सरपंच-सचिव एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Sanjay Banjare

स्वामी प्रकाशक/प्रधान संपादक छत्तीसगढ़ न्यूज़ लाइव मो.-9826193791

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!