Uncategorized

सेवा संकल्प अभियान के तहत अरपा भैंसाझार बैराज में जल संरक्षण व जनभागीदारी का संदेश जल चौपाल, स्वच्छता अभियान और पानी की शुद्धता जांच के लाइव डेमो से ग्रामीणों को किया जागरूक

सेवा संकल्प अभियान के तहत अरपा भैंसाझार बैराज में जल संरक्षण व जनभागीदारी का संदेश
जल चौपाल, स्वच्छता अभियान और पानी की शुद्धता जांच के लाइव डेमो से ग्रामीणों को किया जागरूक

बिलासपुर,कोटा 25 सितंबर 2026। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत जल संरक्षण में जनभागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुक्रवार को अरपा भैंसाझार बैराज प्रांगण एवं आसपास के क्षेत्रों में व्यापक जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। जिला स्तरीय यह कार्यक्रम जल संसाधन विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (पीएचई) एवं पंचायत विभाग के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का आयोजन जल संसाधन मंडल, बिलासपुर के अधीक्षण अभियंता श्री राजेन्द्र कुमार बंजारे के मुख्य आतिथ्य तथा श्रीमती भानु साहू, कार्यपालन अभियंता की अध्यक्षता में किया गया। कार्यक्रम का संचालन इंजीनियर मनीष राठौर एवं श्री आर.पी. साहू के नेतृत्व में किया गया।
स्वच्छता अभियान और जल चौपाल के माध्यम से जागरूकता
अभियान के तहत बैराज परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान ग्रामीणों को जल स्रोतों को स्वच्छ एवं सुरक्षित रखने का संदेश दिया गया। आयोजित ‘जल चौपाल’ में ग्रामीणों से सीधा संवाद कर वर्षा जल संचयन, जल संरक्षण तथा प्राकृतिक जल स्रोतों के संवर्धन पर विस्तार से चर्चा की गई।
जागरूकता सत्र के दौरान इंजीनियर मनीष राठौर ने अपनी स्वरचित प्रेरणादायी कविता का पाठ किया। वहीं श्री सत्यम पोर्ते ने उद्बोधन के माध्यम से ग्रामीणों को जल के महत्व एवं इसके संरक्षण की आवश्यकता के प्रति जागरूक किया।
पीएचई विभाग ने किया पानी की शुद्धता जांच का लाइव डेमो
कार्यक्रम में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा हैंडपंप एवं नल-जल योजनाओं के समुचित संचालन और संधारण से संबंधित तकनीकी जानकारी ग्रामीणों को दी गई। साथ ही फील्ड टेस्ट किट के माध्यम से पीने के पानी की गुणवत्ता एवं शुद्धता जांचने का व्यावहारिक लाइव डेमो प्रस्तुत किया गया।
ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल के उपयोग तथा जल स्रोतों की नियमित देखभाल के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों एवं ग्रामीणों द्वारा वृक्षारोपण भी किया गया।
जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की रही सहभागिता
कार्यक्रम में भैंसाझार सरपंच श्री चंद्रपाल उइके, जोगीपुर सरपंच श्री कमल अरनब, अमाली उपसरपंच श्री श्याम यादव सहित जल संसाधन, पीएचई एवं पंचायत विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं ग्रामीणों ने जल संरक्षण को जनभागीदारी से आगे बढ़ाने, जल स्रोतों को स्वच्छ रखने तथा पानी के विवेकपूर्ण उपयोग के लिए सामूहिक संकल्प लिया।

Sanjay Banjare

स्वामी प्रकाशक/प्रधान संपादक छत्तीसगढ़ न्यूज़ लाइव मो.-9826193791

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!