Uncategorized

सेवा संकल्प अभियान : सेवा की कहानी सिंचाई का पानी बना किसानों का सहारा, घोंघा और अरपा-भैंसाझार से खेती को मिला संबल घोंघा से 49 गांवों के खेतों तक पहुंच रहा पानी, अरपा-भैंसाझार से बढ़ रहा सिंचित क्षेत्र

सेवा संकल्प अभियान : सेवा की कहानी
सिंचाई का पानी बना किसानों का सहारा, घोंघा और अरपा-भैंसाझार से खेती को मिला संबल
घोंघा से 49 गांवों के खेतों तक पहुंच रहा पानी, अरपा-भैंसाझार से बढ़ रहा सिंचित क्षेत्र

बिलासपुर कोटा। 5 अक्टूबर 2026/ खेती के लिए समय पर पानी की उपलब्धता किसानों की सबसे बड़ी जरूरतों में से एक है। जिले में घोंघा मध्यम जलाशय और अरपा-भैंसाझार बैराज परियोजनाएं इस जरूरत को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। नहरों के माध्यम से खेतों तक पहुंच रहा पानी किसानों की मेहनत को संबल दे रहा है। जल संसाधन विभाग द्वारा संचालित इन परियोजनाओं से क्षेत्र में सिंचाई सुविधाओं का विस्तार होने के साथ कृषि गतिविधियों को भी बढ़ावा मिल रहा है।कोटा विकासखंड के ग्राम पटैता में निर्मित घोंघा मध्यम जलाशय परियोजना क्षेत्र के 49 गांवों के किसानों के लिए सिंचाई का प्रमुख आधार है। परियोजना के माध्यम से 8,343 हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। करीब 104.20 किलोमीटर लंबी मुख्य, शाखा एवं वितरक नहरों के जरिए खेतों तक पानी पहुंचाया जा रहा है। वर्ष 1979 में शुरू हुई इस परियोजना का निर्माण वर्ष 1981 में पूर्ण हुआ था। जलाशय की जलभराव क्षमता 3 करोड़ 7 लाख घन मीटर है। इसके साथ ही जलाशय में मत्स्य पालन से स्थानीय लोगों को आजीविका के अवसर भी मिल रहे हैं।इसी तरह अरपा-भैंसाझार बैराज परियोजना भी क्षेत्र के किसानों के लिए सिंचाई का महत्वपूर्ण साधन बन रही है। वर्ष 2025-26 में इस परियोजना के माध्यम से 13,165 हेक्टेयर कृषि भूमि में सिंचाई की गई। वर्ष 2026-27 में 17,900 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस प्रकार पिछले वर्ष की तुलना में 4,735 हेक्टेयर अधिक कृषि भूमि तक सिंचाई सुविधा पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। परियोजना की कुल सिंचाई क्षमता 25 हजार हेक्टेयर है।कोटा विकासखंड में निर्मित अरपा-भैंसाझार परियोजना के सिंचाई संबंधी निर्माण कार्य वर्ष 2019 में पूर्ण हुए। परियोजना का जलग्रहण क्षेत्र लगभग 1,693.86 वर्ग किलोमीटर है। इसमें 56.640 किलोमीटर मुख्य नहर, 102.600 किलोमीटर वितरक नहर तथा 21.130 किलोमीटर शाखा नहर की व्यवस्था है। इन नहरों के माध्यम से कृषि भूमि तक पानी पहुंचाकर किसानों की सिंचाई संबंधी जरूरतों को पूरा किया जा रहा है।घोंघा और अरपा-भैंसाझार परियोजनाएं न केवल खेतों की सिंचाई के लिए जल उपलब्ध करा रही हैं, बल्कि जल संसाधनों के बेहतर उपयोग का माध्यम भी बन रही हैं। इन परियोजनाओं से किसानों को समय पर पानी मिल रहा है, जिससे क्षेत्र में कृषि गतिविधियों को मजबूती मिल रही है और किसानों को खेती के लिए बेहतर आधार उपलब्ध हो रहा है।

Sanjay Banjare

स्वामी प्रकाशक/प्रधान संपादक छत्तीसगढ़ न्यूज़ लाइव मो.-9826193791

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!