जल संसाधन विभाग द्वारा ग्राम दवनपुर में “जल संरक्षण एवं जनभागीदारी” कार्यक्रम का सफल आयोजन

जल संसाधन विभाग द्वारा ग्राम दवनपुर में “जल संरक्षण एवं जनभागीदारी” कार्यक्रम का सफल आयोजन

कोटा। 30 सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान (17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक) के अंतर्गत विकासखंड कोटा के ग्राम दवनपुर में जलाशय परिसर स्थित पंचायत भवन में “जल जन सेवा संकल्प” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम जल संसाधन विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग एवं पंचायत विभाग के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष ग्रामीण श्री मोहित जायसवाल, महामंत्री श्री पांडेय, मंडल अध्यक्ष श्री बजरंग जायसवाल,कोटा जनपद सदस्य पुष्पेंद्र जगत सहित ग्राम दवनपुर एवं परसदा के सरपंच, उपसरपंच, ग्रामीणजन, कृषक, महिलाएं एवं बच्चे बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित एवं दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके पश्चात उपस्थित अतिथियों एवं ग्रामीणों का स्वागत किया गया।
कार्यक्रम के नोडल विभाग जल संसाधन संभाग कोटा के अनुविभागीय अधिकारी श्री अखिलेश कुमार राठौर अपने अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ उपस्थित रहे। उन्होंने ग्रामीणों को जल संरक्षण, जनभागीदारी एवं विभागीय योजनाओं के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। वहीं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के उप अभियंता श्री पुष्पेंद्र मिश्रा ने जल जीवन मिशन एवं विभागीय योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी।इस अवसर पर अतिथियों ने अपने उद्बोधन में सेवा संकल्प अभियान की उपलब्धियों, जनजागरूकता एवं जल संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला। मुख्य अतिथि श्री मोहित जायसवाल ने जल संरक्षण के लिए जनभागीदारी को आवश्यक बताते हुए ग्रामीणों से जल स्रोतों के संरक्षण एवं पानी के सदुपयोग का आह्वान किया।ग्रामीणों की मांग पर सिंचाई से वंचित ग्राम दवनपुर क्षेत्र में उद्वहन सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने हेतु प्रस्ताव तैयार करने के लिए विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया गया। इसके साथ ही उपस्थित जनसमूह को जल संरक्षण के लिए सामूहिक शपथ दिलाई गई।जनजागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत ग्रामीणों के साथ रैली निकाली गई तथा लोगों को जल संरक्षण के महत्व के प्रति जागरूक किया गया।कार्यक्रम में जल संसाधन विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग एवं पंचायत विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य जल संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने तथा जल प्रबंधन में जनभागीदारी को मजबूत करना रहा।