Uncategorized

लमकेना में नशामुक्ति अभियान: पुलिस और जन स्वास्थ्य सहयोग ने ग्रामीणों को किया जागरूक साइबर अपराध से बचाव और नशे के दुष्प्रभावों की दी जानकारी, महिलाओं को प्रदान की गई ‘चेतना मित्र’ की आईडी

लमकेना में नशामुक्ति अभियान: पुलिस और जन स्वास्थ्य सहयोग ने ग्रामीणों को किया जागरूक

साइबर अपराध से बचाव और नशे के दुष्प्रभावों की दी जानकारी, महिलाओं को प्रदान की गई ‘चेतना मित्र’ की आईडी

 

कोटा । पुलिस प्रशासन कोटा एवं जन स्वास्थ्य सहयोग संस्था, गनियारी के संयुक्त तत्वावधान में ग्राम लम्केना में शराब नशामुक्ति एवं साइबर अपराध जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, महिलाओं, पंचायत पदाधिकारियों एवं गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता की और गांव को नशामुक्त बनाने का सामूहिक संकल्प लिया।

कार्यक्रम में कोटा थाना प्रभारी श्री शशिकांत भारद्वाज ने साइबर अपराध से बचाव की जानकारी देते हुए कहा कि इंटरनेट और डिजिटल तकनीक के बढ़ते उपयोग के साथ साइबर ठगी के मामले भी बढ़ रहे हैं। उन्होंने ग्रामीणों से अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने तथा ओटीपी, बैंक संबंधी जानकारी और अन्य गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने की अपील की। उन्होंने साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने तथा पुलिस प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

जन स्वास्थ्य सहयोग संस्था से सामाजिक कार्यकर्ता श्री अनिल बामने ने शराब के दुष्प्रभावों और नशे की लत से बाहर आने के उपायों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि शराब का नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही प्रभावित नहीं करता, बल्कि परिवार की आर्थिक स्थिति, सामाजिक संबंधों और बच्चों के भविष्य पर भी गंभीर प्रभाव डालता है। उन्होंने संस्था के नशामुक्ति कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि सामुदायिक प्रयासों के माध्यम से अब तक 300 से अधिक लोगों को शराब की लत से बाहर आने में सहयोग मिला है।

महिलाओं को बनाया गया ‘चेतना मित्र’

कार्यक्रम के दौरान ‘चेतना कार्यक्रम’ के तहत ग्राम की महिलाओं को ‘चेतना मित्र’ की आईडी भी प्रदान की गई। चेतना मित्र गांव में महिलाओं एवं परिवारों के बीच सामाजिक जागरूकता बढ़ाने, महिला सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर संवाद स्थापित करने तथा आवश्यकता पड़ने पर संबंधित सहायता एवं सेवाओं तक लोगों की पहुंच बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

‘चेतना मित्र’ पुलिस प्रशासन और समुदाय के बीच एक सहयोगी कड़ी के रूप में कार्य करते हुए महिलाओं एवं ग्रामीणों को उनके अधिकारों, सुरक्षा और उपलब्ध सहायता व्यवस्थाओं के प्रति जागरूक करने में सहयोग करेंगी। साथ ही, वे नशे जैसी सामाजिक समस्याओं के विरुद्ध जागरूकता फैलाने तथा गांव में सकारात्मक एवं सुरक्षित वातावरण बनाने में भी सक्रिय भूमिका निभाएंगी।

ग्राम पंचायत के सरपंच ने लम्केना को नशामुक्त बनाने के लिए हरसंभव प्रयास करने का भरोसा दिलाया। पूर्व जनपद अध्यक्ष श्री साधेलाल भारद्वाज ने समाज में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि नशे के कारण युवा पीढ़ी का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए हरसंभव सहयोग देने की बात कही।

कार्यक्रम के बाद ग्राम में नशामुक्ति एवं जनजागरूकता रैली निकाली गई। रैली में ग्रामीणों ने नशे के विरुद्ध जागरूकता का संदेश देते हुए स्वस्थ एवं नशामुक्त समाज के निर्माण का आह्वान किया।

कार्यक्रम में ग्राम पंचायत के पदाधिकारी, चेतना मित्र के रूप में जुड़ी महिलाएं, युवा, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने नशे के खिलाफ सामूहिक प्रयास करने तथा लम्केना को नशामुक्त एवं सुरक्षित गांव बनाने का संकल्प लिया।

Sanjay Banjare

स्वामी प्रकाशक/प्रधान संपादक छत्तीसगढ़ न्यूज़ लाइव मो.-9826193791

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!