Uncategorized

गरिमामय माहौल में मनाया गया 80 वां स्वतंत्रता दिवस समारोह केंद्रीय राज्यमंत्री श्री तोखन साहू ने किया ध्वजारोहण 13 प्लाटूनों ने किया भव्य परेड प्रदर्शन

गरिमामय माहौल में मनाया गया 80 वां स्वतंत्रता दिवस समारोह केंद्रीय राज्यमंत्री श्री तोखन साहू ने किया ध्वजारोहण 13 प्लाटूनों ने किया भव्य परेड प्रदर्शन।

नक्सल हिंसा में शहीद जवानों के परिजनों का सम्मान, उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र

तिरंगा शपथ के साथ लिया नशामुक्त समाज का संकल्प, देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
बिलासपुर, 15 अगस्त 2026/स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आज बिलासपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में केंद्रीय आवासन एवं शहरी विकास राज्यमंत्री श्री तोखन साहू ने ध्वजारोहण किया। आजादी का पर्व गरिमामय और उत्साहपूर्ण माहौल में मनाया गया। इस अवसर पर बेलतरा विधायक श्री सुशांत शुक्ला, पाठ्य पुस्तक निगम के अध्यक्ष श्री राजा पांडे, महापौर श्रीमती पूजा विधानी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री राजेश सूर्यवंशी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती ललिता संतोष कश्यप, संभागायुक्त श्री सुनील जैन, कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल, एसएसपी श्री रजनेश सिंह, सीसीएफ श्री मनोज पांडे मौजूद थे। ,
ध्वजारोहण के पश्चात राष्ट्रगान हुआ। परेड कमांडर श्री भूपेन्द्र गुप्ता द्वारा राष्ट्रगान की धुन पर सलामी दी गई। पूर्ण वेशभूषा में सजे 13 प्लाटूनों ने अनुशासन, शौर्य और देशभक्ति से ओतप्रोत भव्य एवं आकर्षक परेड का प्रदर्शन किया।

मुख्यमंत्री के संदेश का किया वाचन
केंद्रीय राज्यमंत्री श्री तोखन साहू ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय का प्रदेश की जनता के नाम संदेश का वाचन किया। उन्होंने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं तथा प्रदेश के विकास और जनकल्याण के लिए किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख किया।

तिरंगा शपथ के साथ नशामुक्ति का लिया संकल्प
समारोह के दौरान केंद्रीय राज्यमंत्री श्री तोखन साहू ने उपस्थित सभी लोगों को तिरंगा शपथ दिलाई। वहीं ब्रह्मकुमारी दीदी ने उपस्थित जनसमुदाय को नशामुक्ति की शपथ दिलाई। इस अवसर पर राष्ट्रप्रेम, देश के प्रति कर्तव्यबोध और नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया गया।

नक्सल हिंसा में शहीद जवानों के परिजनों का किया गया सम्मान
कार्यक्रम में नक्सल हिंसा में शहीद हुए जवानों के परिजनों को केंद्रीय राज्यमंत्री श्री तोखन साहू ने सम्मानित किया। शहीद जवानों के परिजनों के सम्मान के अवसर पर कार्यक्रम स्थल भावुक और गौरवपूर्ण माहौल से भर उठा। उपस्थित लोगों ने वीर जवानों के बलिदान को नमन किया।

उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र से किया सम्मानित
शासकीय कार्यों एवं दायित्वों का उत्कृष्ट निर्वहन करने वाले विभिन्न विभागों के 50 अधिकारियों एवं कर्मचारियों को केंद्रीय राज्यमंत्री श्री तोखन साहू द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

परेड में महिला प्लाटूनों का शानदार प्रदर्शन –
परेड प्रतियोगिता के सीनियर वर्ग में जिला पुलिस बल महिला ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि नगर सेना महिला ने द्वितीय स्थान हासिल किया। जूनियर वर्ग में एनसीसी जूनियर डिवीजन बिलासपुर ने प्रथम, एनसीसी सीनियर गर्ल्स ने द्वितीय तथा एनसीसी सीनियर बॉयज ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
स्वतंत्रता दिवस समारोह में विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। सांस्कृतिक कार्यक्रम में महारानी लक्ष्मीबाई कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला ने प्रथम, एलसीआईटी बोदरी ने द्वितीय तथा दिल्ली पब्लिक स्कूल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। नेशनल कॉन्वेंट स्कूल और पद्माक्षी स्कूल को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया। विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों ने समारोह में देशभक्ति और उत्साह का रंग भर दिया।
इस अवसर पर नगर निगम कमिश्नर श्री प्रकाश कुमार सर्वे, जिला पंचायत सीईओ श्री संदीप अग्रवाल, श्री दीपक सिंह, श्रीमती हर्षिता पांडे सहित अन्य जनप्रतिनिधि,अधिकारी-कर्मचारी, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन श्री सौरभ सक्सेना एवं श्री मुकुल शर्मा ने किया। कार्यक्रम में सुश्री कनक साहू ने वंदे मातरम् गायन की मनभावन प्रस्तुति दी।

Sanjay Banjare

स्वामी प्रकाशक/प्रधान संपादक छत्तीसगढ़ न्यूज़ लाइव मो.-9826193791

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!