डिजिटल भुगतान के बढ़ते उपयोग के साथ-साथ बढ़ रहे साइबर अपराधों पर रोक लगाने एवं ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से ग्राम हरदी कला टोना में एक विशेष जन डिजिटल जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया

नागरिक डिजिटल जागरूकता अभियान
हरदी कला टोना बिल्हा

डिजिटल भुगतान के बढ़ते उपयोग के साथ-साथ बढ़ रहे साइबर अपराधों पर रोक लगाने एवं ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से बिलासपुर जिले के ग्राम हरदी कला टोना में एक विशेष जन डिजिटल जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम 12 जनवरी 2026 को स्थानीय VLE आरती कैवर्त, ग्राम प्रतिनिधि विष्णु साहू, पत्रकार राजेंद्र साहू, संजय कैवर्त एवं स्थानीय समुदाय के संयुक्त नेतृत्व में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

शिविर में ग्रामीणों को डिजिटल भुगतान, सरकारी डिजिटल सेवाओं एवं विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही वीडियो के माध्यम से डिजिटल लेन-देन के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों पर विस्तार से चर्चा की गई, जिससे लोग साइबर ठगी से सुरक्षित रह सकें।
कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि ग्रामीण अपने गांव में रहते हुए ही ऑनलाइन सेवाओं का लाभ कैसे प्राप्त कर सकते हैं तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी लेकर उनका सही उपयोग कैसे कर सकते हैं।
शिविर में व्यापारी, गृहिणियां, दुकानदार, युवा एवं समुदाय के सभी वर्गों ने ‘साइबर शक्ति सुरक्षा अभियान’ के तहत सक्रिय भागीदारी निभाई। साइबर ठगी की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए ग्रामीणों को निम्नलिखित महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए:

मुख्य सावधानियाँ:
1. किसी भी अनजान व्यक्ति को अपना OTP साझा न करें।
2. अज्ञात लिंक पर क्लिक करने से बचें।
3. लॉटरी या इनाम के झांसे में आकर बैंक संबंधी जानकारी साझा न करें।
4. अनजान व्यक्ति द्वारा भेजी गई फाइल या ऐप को डाउनलोड/ओपन न करें।
5. साइबर ठगी होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन या स्थानीय पुलिस को सूचना दें।
यह जागरूकता शिविर समुदाय के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध हुआ, जिसकी ग्रामीणों ने सराहना की और भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों के आयोजन की आवश्यकता पर जोर दिया। साथ ही लोगों ने अपने परिवार और पड़ोसियों को भी ऑनलाइन ठगी से बचाने हेतु जागरूक करने का संकल्प लिया।