कोटा

डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल गोबरीपाट में छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस पर रंगारंग सांस्कृतिक आयोजन

डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल गोबरीपाट में छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस पर रंगारंग सांस्कृतिक आयोजन

कोटा। छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस के अवसर पर डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल, गोबरीपाट में उत्साह एवं हर्षोल्लास के साथ विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति, परंपराओं एवं खान-पान से परिचित कराना तथा अपनी माटी और सांस्कृतिक विरासत के प्रति सम्मान की भावना विकसित करना था।

कार्यक्रम के अंतर्गत नर्सरी से कक्षा दूसरी तक के नन्हे विद्यार्थियों ने पारंपरिक छत्तीसगढ़ी वेशभूषा में मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर समां बांध दिया। वहीं, कक्षा तीसरी से पांचवीं तक के विद्यार्थियों के लिए दीया सजाओ प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें बच्चों ने अपनी रचनात्मकता का परिचय देते हुए मिट्टी के दीयों को आकर्षक ढंग से सजाया। कक्षा छठवीं से बारहवीं तक के विद्यार्थियों ने छत्तीसगढ़ी संस्कृति एवं परंपराओं पर आधारित सुंदर रंगोलियां बनाकर अपनी कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

इस अवसर पर विद्यार्थियों को अपने टिफिन में छत्तीसगढ़ के पारंपरिक व्यंजन लाने के लिए भी प्रोत्साहित किया गया। बच्चों ने चीला, फरा, बरा, ठेठरी-खुरमी सहित विभिन्न पारंपरिक व्यंजनों का आनंद लिया। इस गतिविधि के माध्यम से विद्यार्थियों को छत्तीसगढ़ के पारंपरिक खान-पान एवं स्थानीय व्यंजनों की विशेषताओं से अवगत कराया गया।

विभिन्न प्रतियोगिताओं में निर्णायक की भूमिका शिक्षिका दीपा देवांगन एवं पूजा तिवारी ने निभाई।

विद्यालय के प्राचार्य सुधांशु जायसवाल ने विद्यार्थियों की प्रतिभा एवं उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों को अपनी जड़ों, लोकपरंपराओं और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे कार्यक्रमों से विद्यार्थियों में अपनी संस्कृति के प्रति गर्व एवं सम्मान की भावना विकसित होती है।

कार्यक्रम उत्साहपूर्ण एवं सांस्कृतिक वातावरण में संपन्न हुआ।

Sanjay Banjare

स्वामी प्रकाशक/प्रधान संपादक छत्तीसगढ़ न्यूज़ लाइव मो.-9826193791

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!