राज्योत्सव पर झिंगटपुर में सजा क्रिकेट का मैदान, ग्रामीण प्रतिभाओं को मिला शानदार मंच

संजय बंजारे (कोटा )
राज्योत्सव पर झिंगटपुर में सजा क्रिकेट का मैदान, ग्रामीण प्रतिभाओं को मिला शानदार मंच
कोटा । छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस एवं राज्योत्सव के अवसर पर झिंगटपुर स्थित ग्रीन पार्क मैदान में स्टार क्रिकेट क्लब द्वारा भव्य ग्रामीण क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में क्षेत्र के विभिन्न गांवों से पहुंचे खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। वहीं खेलप्रेमियों और ग्रामीणों की बड़ी संख्या में मौजूदगी से मैदान में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सरोज दुर्गेश साहू उपस्थित रहीं। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में जनपद सदस्य श्रीमती शिवबाई नेताम, सरपंच दिलीप पोर्ते एवं उपसरपंच भारतलाल यादव सहित स्थानीय पंचगण, जनप्रतिनिधि, खिलाड़ी और बड़ी संख्या में ग्रामवासी शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करने और टॉस उछालकर प्रतियोगिता का शुभारंभ करने के साथ हुई। इस दौरान अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल भावना, अनुशासन और आपसी भाईचारे के साथ खेलने का संदेश दिया।
मुख्य अतिथि एवं जनप्रतिनिधियों ने कहा कि इस तरह की खेल प्रतियोगिताएं ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करती हैं। खेल के माध्यम से युवाओं में अनुशासन, एकता और सकारात्मक सोच विकसित होती है। ऐसे आयोजन युवाओं को रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस आयोजन को सफल बनाने में अविनाश ट्रेडर्स का विशेष सहयोग एवं प्रायोजन रहा। स्टार क्रिकेट क्लब के सदस्यों ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को उचित मंच प्रदान करना और युवाओं को खेल के प्रति प्रोत्साहित करना ही प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य है।
कार्यक्रम के अंत में स्टार क्रिकेट क्लब की आयोजन समिति ने प्रतियोगिता में शामिल सभी अतिथियों, प्रायोजकों, जनप्रतिनिधियों, खिलाड़ियों, दर्शकों एवं ग्रामवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया।