घूम-घूमकर केबल तार चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, कोटा पुलिस ने 240 मीटर केबल किया जब्त

घूम-घूमकर केबल तार चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, कोटा पुलिस ने 240 मीटर केबल किया जब्त
बिलासपुर/कोटा, 31 अक्टूबर 2026। कोटा थाना पुलिस ने अलग-अलग गांवों में केबल तार चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कुल 240 मीटर केबल तार सहित अन्य सामान जब्त किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम लिटिया निवासी बालाराम मेश्राम ने 14 अक्टूबर 2026 को थाना कोटा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 11 अक्टूबर की रात ग्राम लिटिया में रामप्रसाद साहू के घर पर रखे 40 मीटर केबल तार, जिसकी कीमत करीब 6 हजार रुपये थी, अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
इसी दौरान 30 अक्टूबर 2026 को ग्राम करगी कला निवासी हंसराज साहू ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह सुबह करीब 5:30 बजे अपने खेत में फसल देखने गया था। इस दौरान उसने देखा कि एक युवक बोर पंप में लगे करीब 200 मीटर केबल तार को चोरी कर ले जा रहा था। प्रार्थी को देखकर आरोपी मौके से भागने लगा।
दोनों मामलों को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर कोटा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। पुलिस ने संदेह के आधार पर आरोपी रवि सिंह जगत (35 वर्ष), पिता बहादुर सिंह जगत, निवासी नवा पथरा, थाना कोटा को गिरफ्तार किया।
आरोपी के कब्जे से कुल 240 मीटर केबल तार, एक पेचिश तथा लोहे का हुक लगी दो चप्पल जब्त की गई हैं। आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 883/2026 एवं 945/2026 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई है। पुलिस द्वारा आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।
यह कार्रवाई पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर श्री रजनेश सिंह के निर्देश पर तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्रीमती मधुलिका सिंह और एसडीओपी कोटा श्रीमती नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में की गई।
इस कार्रवाई में निरीक्षक शशिकांत भारद्वाज, प्रभारी प्रधान आरक्षक दिलीप साहू, सहायक उप निरीक्षक शिव साहू एवं प्रधान आरक्षक सत्य प्रकाश यादव की विशेष भूमिका रही।