बाबा साहब की प्रतिमा पर गोबर फेंकने से आक्रोश, कार्रवाई का आश्वासन

बाबा साहब की प्रतिमा पर गोबर फेंकने से आक्रोश, कार्रवाई का आश्वासन
कोटा।तखतपुर विधानसभा क्षेत्र के काठाकोनी चौक स्थित लखासार मोड़ पर स्थापित भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर की आदमकद प्रतिमा के चेहरे पर असामाजिक तत्वों द्वारा गोबर फेंके जाने की घटना सामने आई है। घटना की जानकारी मिलते ही बाबा साहब के अनुयायियों और समाज के लोगों में आक्रोश व्याप्त हो गया। लोगों ने घटना में शामिल आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
घटना की सूचना मिलने पर समाज के प्रमुख लोग मौके पर पहुंचे। वहीं नायब तहसीलदार सकरी विभोर यादव एवं सकरी थाना प्रभारी संजय सिंधे पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने मामले की जानकारी ली और घटना में शामिल लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।
इस दौरान समाज के लोगों ने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा के साथ इस प्रकार का कृत्य सामाजिक भावनाओं को आहत करने वाला है। उन्होंने प्रशासन से दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।
इस संबंध में बिहारी सिंह टोडर ने कहा कि “जिसने भी यह कृत्य किया है, उसे बख्शा नहीं जाएगा।”