गणेश पंडाल में बाजा बजाने को लेकर विवाद, युवक की हत्या,मस्तूरी पुलिस और ACCU की कार्रवाई, 13 आरोपी गिरफ्तार; हथियार बरामद

गणेश पंडाल में बाजा बजाने को लेकर विवाद, युवक की हत्या,मस्तूरी पुलिस और ACCU की कार्रवाई, 13 आरोपी गिरफ्तार; हथियार बरामद
बिलासपुर/मस्तूरी। मस्तूरी थाना क्षेत्र के गतौरा में गणेश पंडाल में बाजा बजाने की बात को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि विवाद के दौरान एक युवक पर लाठी-डंडे, कुल्हाड़ी, छुरी और अन्य धारदार हथियारों से हमला किया गया, जिससे उसकी मौत हो गई। मामले में मस्तूरी पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साथ ही एक विधि से संघर्षरत बालक को भी अभिरक्षा में लिया गया है।
पुलिस के अनुसार घटना 20 सितंबर 2026 की रात करीब 10:30 बजे गतौरा जनकपहाड़ी स्थित गणेश पंडाल के पास हुई। विवाद के दौरान शैलेष कुमार राठौर उर्फ राज सहित अन्य लोगों के साथ मारपीट की गई। घटना में कई लोग घायल हुए, जिन्हें उपचार के लिए सिम्स अस्पताल बिलासपुर ले जाया गया। चिकित्सकों ने शैलेष राठौर उर्फ राज को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य घायलों का उपचार किया गया।
घटना की सूचना पर मस्तूरी पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर मस्तूरी थाना पुलिस और एसीसीयू की टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपियों के मेमोरेंडम के आधार पर घटना में प्रयुक्त डंडा, लोहे की छुरी और लोहे की कुल्हाड़ी बरामद कर जब्त की है। सभी 13 आरोपियों को 21 सितंबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार किया गया। वहीं, एक विधि से संघर्षरत बालक को भी अभिरक्षा में लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों को 22 सितंबर 2026 को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों में बोधीराम राठौर, संतोष राठौर, दिलीप कुमार राठौर, दीपक कुमार राठौर, आकाश राठौर, शंकर राठौर उर्फ नंदू, आकाश राठौर उर्फ मोनू, सूरज कुमार राठौर, रोहित कुमार राठौर, सुनील उर्फ राजा राठौर, प्रकाश उर्फ लालू राठौर, रवि कुमार राठौर और आयुष राठौर शामिल हैं।