कोटा विधायक श्री अटल श्रीवास्तव द्वारा पुलिया निर्माण कार्य का किया भूमिपूजन.ग्रामीणों की वर्षों पुरानी मांग अब होगी पूरी

कोटा विधायक श्री अटल श्रीवास्तव द्वारा पुलिया निर्माण कार्य का किया भूमिपूजन
ग्रामीणों की वर्षों पुरानी मांग अब होगी पूरी

ग्राम पंचायत मझगांव के आश्रित ग्राम नवाडीह – पहाड़ीपारा मार्ग पर निर्मित होने वाली नई पुलिया के निर्माण कार्य का आज दिनांक 08 दिसम्बर 2025 को माननीय कोटा विधायक श्री अटल श्रीवास्तव द्वारा विधिवत भूमिपूजन किया गया।
यह पुलिया ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही गंभीर समस्या का समाधान है। वर्षों से ग्रामीणों द्वारा अस्थायी लकड़ी का पुल बनाया जाता था, जो हर बरसात में बहकर टूट जाता था, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो जाता था। इस समस्या को ग्राम सरपंच व जनपद सदस्य श्रीमती शिवबाई नेताम ने माननीय विधायक को अवगत कराया, जिसके बाद उन्होंने त्वरित पहल करते हुए पुलिया निर्माण कार्य की स्वीकृति प्रदान की।
भूमिपूजन कार्यक्रम में माननीय विधायक अटल श्रीवास्तव, विशिष्ट अतिथि आदित्य दीक्षित, जनपद सदस्य श्रीमती शिवबाई नेताम, ग्राम सरपंच श्रीमती भगवती देवी जगत,अर्जुन जगत, गुलशन ध्रुव, शिवम यादव, पंचगण, वरिष्ठजन एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। विधि–विधानपूर्वक पूजा-अर्चना कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया।
अपने उद्बोधन में विधायक श्री अटल श्रीवास्तव ने कहा—
“ग्रामीणों की सुविधा एवं सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। नवाडीह–पहाड़ीपारा मार्ग पर जर्जर पुलिया के कारण वर्षों से लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। समस्या की जानकारी मिलते ही मैंने तत्काल स्वीकृति सुनिश्चित की।”
जनपद सदस्य श्रीमती शिवबाई नेताम ने कहा—
“यह पुलिया हमारे क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित आवश्यकता थी। हर बरसात में पुलिया टूटने से स्कूल, अस्पताल, बाज़ार आदि तक पहुँचना कठिन हो जाता था। विधायक जी की संवेदनशीलता और त्वरित निर्णय हेतु हम आभारी हैं।”
पुलिया निर्माण पूर्ण होने के बाद क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा, बरसात के दिनों में बाधाएं दूर होंगी और ग्रामीणों को सुरक्षित परिवहन सुविधा मिलेगी। ग्रामीणों ने इस जनहितैषी कार्य हेतु विधायक एवं प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया और शीघ्र निर्माण पूर्ण होने की आशा जताई।