सड़क पर कार खड़ी कर शराब पी रहे चार लोगों पर पुलिस की कार्रवाई

सड़क पर कार खड़ी कर शराब पी रहे चार लोगों पर पुलिस की कार्रवाई
बिलासपुर। सकरी पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ धारा 285 बीएनएस एवं 36(च) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने मौके से कार सहित शराब और डिस्पोजल जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, 19 अगस्त 2026 की रात थाना सकरी पुलिस रात्रि गश्त एवं सेक्टर गश्त पर रवाना हुई थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एमराल्ड होटल के सामने मेन रोड पर एक कार क्रमांक CG 10 FA 7793 को सड़क पर खड़ी कर उसके चारों गेट खोलकर कुछ लोग शराब का सेवन कर रहे हैं तथा आपस में विवाद कर रहे हैं। इससे सड़क से आने-जाने वाले लोगों को परेशानी हो रही थी।सूचना की तस्दीक के लिए पुलिस टीम गवाहों के साथ मौके पर पहुंची। वहां उक्त कार सड़क पर खड़ी मिली और चारों गेट खुले हुए थे। कार में चालक सहित चार लोग शराब का सेवन करते पाए गए। पुलिस को देखकर वे इधर-उधर देखने लगे, जिन्हें घेराबंदी कर पकड़ा गया।पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम गोपाला गुप्ता (20), प्रियेश अग्रहरी (23), रिसाद अहमद (24) और संदीप गुप्ता (45), सभी निवासी कोटा, जिला बिलासपुर बताया। पुलिस ने बताया कि कार को सड़क पर खड़ा करने से आवागमन में बाधा और लोगों के लिए खतरा उत्पन्न हो रहा था। मौके पर पंचनामा तैयार किया गया। जांच में आरोपियों द्वारा शराब का सेवन करना पाया गया।पुलिस ने मौके से 750 एमएल की बोतल में लगभग 200 एमएल सिग्नेचर अंग्रेजी शराब, 4 नग डिस्पोजल तथा शराब की गंधयुक्त पानी की बोतल जब्त की। कार को भी पुलिस ने कब्जे में लिया है।
मामले में थाना सकरी पुलिस ने धारा 285 बीएनएस एवं धारा 36(च) आबकारी एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया है।